घरेलू विवाद में सिर पर किए दो-तीन वार, गंभीर हालत में मां को अस्पताल में कराया गया भर्ती!
डेस्क_बलरामपुर@ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डायनटोली में घरेलू विवाद के दौरान एक पुत्र ने अपनी ही मां पर कुदाली से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने मां के सिर पर दो-तीन बार वार किया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुसमी पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 31 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम डायनटोली निवासी 55 वर्षीय बिफती उरांव अपने घर में लिपाई-पोताई कर रही थीं। इसी दौरान उनके पुत्र गोविन्द बेक (28 वर्ष) ने घरेलू बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर में रखी छोटी कुदाली (कुदरा) से अपनी मां के सिर पर दो-तीन बार हमला कर दिया। हमले में महिला बेहोश होकर गिर गई।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से डायल 112 के माध्यम से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया गया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पीड़िता की रिपोर्ट पर कुसमी पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान एफएसएल सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से खून लगी मिट्टी और साधारण मिट्टी जब्त की। वहीं आरोपी के कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त कुदाली भी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी गोविन्द बेक पिता स्व. मंगल बेक, उम्र 28 वर्ष, निवासी रामनगर, थाना कुसमी को गिरफ्तार कर 1 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।