कलेक्टर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, कहा- अर्जुन की तरह लक्ष्य पर रखें नजर, जीत निश्चित!
डेस्क_बलरामपुर@ जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न खेल मैदानों में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान फुटबॉल, तीरंदाजी, खो-खो, कराते, कुश्ती एवं बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
इस अवसर पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खिलाड़ी अर्जुन की तरह अपने लक्ष्य पर नजर रखें, जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक खेल भावना और दृढ़ निश्चय महत्वपूर्ण है। सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने खेलों को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि आगामी समय में जिले में खेल गतिविधियों को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे।

जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि मैदान पर उतरने के बाद अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना ही हर खिलाड़ी का लक्ष्य होना चाहिए। इसके साथ ही खेल भावना का सम्मान करना भी उतना ही आवश्यक है।
दूसरे दिन जूनियर एवं सीनियर वर्ग में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। बालक एवं पुरुष वर्ग के फुटबॉल मुकाबले कृषि विज्ञान केंद्र जाबर तथा बालिका एवं महिला वर्ग के मुकाबले मिशन स्कूल खेल मैदान में संपन्न हुए। वहीं तीरंदाजी, खो-खो, कराते एवं कुश्ती की प्रतियोगिताएं सेजेस हिंदी माध्यम विद्यालय तथा बास्केटबॉल के मुकाबले एकलव्य विद्यालय भेलवाडीह में आयोजित किए गए।
खो-खो में वाड्रफनगर का शानदार प्रदर्शन
खो-खो प्रतियोगिता में वाड्रफनगर का दबदबा देखने को मिला। जूनियर बालक, सीनियर बालक एवं सीनियर बालिका वर्ग में वाड्रफनगर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं जूनियर बालिका वर्ग में रामचंद्रपुर की टीम विजेता रही।
तीरंदाजी में खिलाड़ियों ने दिखाया निशाना
तीरंदाजी की 30 मीटर प्रतियोगिता में जूनियर बालक वर्ग में पवन कुमार, सीनियर बालक वर्ग में लेखराम बांधे, जूनियर बालिका वर्ग में रागनी नेताम तथा सीनियर बालिका वर्ग में सुमन सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ये सभी खिलाड़ी वाड्रफनगर क्षेत्र के हैं।
इसी प्रकार 50 मीटर तीरंदाजी प्रतियोगिता के जूनियर बालक वर्ग में वाड्रफनगर के संतोष कुमार तथा सीनियर बालक वर्ग में रामचंद्रपुर के नंदू सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में रागनी नेताम एवं सुमन सिंह ने 50 मीटर स्पर्धा में भी पहला स्थान हासिल कर दोहरी सफलता प्राप्त की।
प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनपद सदस्य अर्पणा दीक्षित, भानु प्रताप दीक्षित, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
सरगुजा ओलंपिक के अंतिम दिन 5 नवंबर को कबड्डी एवं हॉकी की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।