747 आवेदन स्वीकृत, प्रभावित खेतों का कृषि विभाग और बीमा कंपनी की संयुक्त टीम कर रही सर्वे!
डेक्स_बलरामपुर@ अर्नव चक्रवात के प्रभाव से 28 से 30 अक्टूबर तक हुई असामयिक बारिश ने जिले के कुछ क्षेत्रों में धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। फसल क्षति से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत आवेदन दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कराई है। अब तक जिले से कुल 858 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 747 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर कृषि विभाग के मैदानी अमले ने मौसम में बदलाव को लेकर किसानों को पहले ही जानकारी दी थी। बारिश के बाद प्रभावित किसानों की फसल क्षति संबंधी सूचनाएं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत दर्ज कराई गईं।

बीमा कंपनी एचडीएफसी एर्गो से प्राप्त 2 नवंबर 2026 की जानकारी के अनुसार, स्थानीयकृत आपदा के तहत प्राप्त 299 सूचनाओं में से 202 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। वहीं फसल कटाई के बाद हुई क्षति के तहत प्राप्त 559 सूचनाओं में से 545 आवेदन स्वीकृत हुए हैं। शेष 111 आवेदन योजना के प्रावधानों के तहत आपदा का बीमा योजना में शामिल नहीं होने, विलंब से सूचना देने अथवा दोहरी सूचना के कारण अस्वीकृत किए गए हैं।

वर्तमान में कृषि विभाग के मैदानी अमले और बीमा कंपनी की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे किया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर क्षतिपूर्ति की आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर त्रिपाठी ने कहा कि जिला प्रशासन प्रभावित किसानों को हरसंभव सहयोग देने के लिए तत्पर है। उन्होंने अधिकारियों को फसल क्षति का आकलन निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित किसानों से किसान रक्षक टोल फ्री नंबर 14447 पर फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराने की अपील की है।