वाड्रफनगर और महावीरगंज के निजी स्वास्थ्य संस्थानों में पंजीयन, दस्तावेज और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की हुई जांच!
डेस्क_बलरामपुर@ निजी अस्पतालों में मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरीक्षण और कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य, औषधि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त जिला स्तरीय टीम ने विकासखंड वाड्रफनगर और रामानुजगंज क्षेत्र के महावीरगंज में संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों के तहत अस्पतालों के पंजीयन, आवश्यक दस्तावेज, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और दवाइयों के रख-रखाव की बारीकी से जांच की। इस दौरान कुछ संस्थानों में कमियां पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में संचालित सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों को नर्सिंग होम एक्ट सहित शासन द्वारा निर्धारित स्वास्थ्य मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। मरीजों की सुरक्षा, उचित उपचार और दवाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान की जिम्मेदारी है। नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों की निगरानी और निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। साथ ही सीएमएचओ ने जिलेवासियों से अपील की है कि निजी स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या मरीजों के हितों से जुड़ी शिकायत सामने आने पर इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।