शराब पिलाने के बाद हथौड़े से सिर पर किया ताबड़तोड़ वार, दीपावली की रात वारदात से इलाके में सनसनी!
डेस्क_बलरामपुर@ बलरामपुर जिले में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग विधवा महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। टोनही होने का आरोप लगाकर 63 वर्षीय महिला को मौत के घाट उतार दिया गया। आरोप है कि पहले महिला को शराब पिलाई गई और फिर हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पूरा मामला जिले के पस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरगंवा का है। जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात अंधविश्वास के चलते आरोपियों ने 63 वर्षीय विधवा महिला को टोनही बताकर निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि दो आरोपियों ने पहले महिला को शराब पिलाई, जिसके बाद दो अन्य आरोपियों ने हथौड़े से उसके सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पस्ता थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड की टीम भी बुलाई गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।
अंधविश्वास के नाम पर एक बुजुर्ग महिला की इस तरह निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना समाज में आज भी व्याप्त अंधविश्वास और टोनही जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ जागरूकता की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है।