![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 9 नई एम्बुलेंस की सौगात मिली है.. प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने वर्चुअल माध्यम से इन एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.. इनमें 8 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 1 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस शामिल हैं..
जिला अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से यह पहल जिले के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक त्वरित चिकित्सा सुविधा पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.. अब 108 एम्बुलेंस सेवा के जरिए जरूरतमंदों को “गोल्डन ऑवर” में समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे गंभीर मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी..

मंत्री नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है.. उन्होंने कहा कि ये एम्बुलेंस केवल वाहन नहीं बल्कि आपात स्थिति में जीवन रक्षक कड़ी हैं, खासकर दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए..
कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने बताया कि एम्बुलेंस सेवाओं के संचालन में बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा, जिससे सेवा की गुणवत्ता और प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा.. उन्होंने आश्वस्त किया कि सेवाओं की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी जरूरतमंद को समय पर सहायता मिल सके.. नई एम्बुलेंस को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है.. जिला चिकित्सालय बलरामपुर और वाड्रफनगर को 2-2 एम्बुलेंस दी गई हैं, जबकि राजपुर, शंकरगढ़, कुसमी, रामानुजगंज और सीएचसी सनावल को एक-एक एम्बुलेंस आवंटित की गई है..

इस नई व्यवस्था से अब जिले के सुदूर ग्रामीण इलाकों में भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकेगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद है..
आपको बता दें कि बलरामपुर जिले में पिछले कई सालों से काफी कंडम हो चुकी 108 वाहन का संचालन किया जा रहा था.. परिस्थितियों कई बार ऐसी निर्मित हुई की एंबुलेंस 108 कई जगह रास्ते में ही मरीज के साथ खराब हो जाती थी लेकिन अब उम्मीद है कि नहीं 108 वहां मिलने से अब आवा – गमन खबर बेहतर और सुचारू रहेगा..