![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले में राजनीतिक संगठनों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है.. यहां एक ही महिला को भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस, दोनों ही दलों में अलग-अलग पद दिए जाने का खुलासा हुआ है, जिससे संगठनात्मक व्यवस्था और सत्यापन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं..
जानकारी के मुताबिक, संस्कृति रक्सेल को कांग्रेस संगठन ने 2 मार्च 2026 को कार्य समिति सदस्य के रूप में नियुक्त किया था.. इसके बाद 21 मार्च 2026 को बीजेपी संगठन ने भी उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंप दी.. खास बात यह है कि दोनों दलों द्वारा जारी नियुक्ति पत्र अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं..

इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद जिले में राजनीतिक हलकों के साथ-साथ आम जनता के बीच भी चर्चा तेज हो गई है.. लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर बिना उचित जांच-पड़ताल के एक ही व्यक्ति को दो अलग-अलग दलों में अहम जिम्मेदारी कैसे सौंप दी गई..

विशेषज्ञों का मानना है कि यह मामला राजनीतिक दलों की आंतरिक प्रक्रिया और समन्वय की कमी को उजागर करता है.. यदि समय रहते इस तरह की त्रुटियों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो इससे संगठन की साख पर भी असर पड़ सकता है..
फिलहाल इस मामले में हमने संस्कृति रक्सेल से टेलीफोनिक बात की तो उसकी प्रतिक्रिया सामने निकल आई है..
प्रतिक्रिया (संक्षेप में):
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि संस्कृति रक्सेल कांग्रेस की सक्रिय सदस्य हैं और कई कार्यक्रमों में शामिल रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उन्होंने कभी बीजेपी की सदस्यता नहीं ली। बीजेपी की सूची में उनका नाम आना एक सोचा-समझा षड्यंत्र है, जिससे उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही..