![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जानलेवा साबित हो रहा है.. बुधवार को चांदो क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए..
पहली घटना बलरामपुर-चांदो मुख्य मार्ग पर भेदमी कनहर पुलिया के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी.. हादसे में बाइक पर सवार मां कइली और उनकी पुत्री लीलू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.. वहीं बाइक चला रहा युवक, जो मृतका का नाती बताया जा रहा है, गंभीर रूप से घायल हो गया.. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला चिकित्सालय बलरामपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है..
दूसरी घटना चांदो-सामरी मुख्य मार्ग के कंदरी के पास हुई.. यहां बॉक्साइट लोड करने जा रहे तेज रफ्तार खाली ट्रक ने सड़क किनारे चल रहे सद्दाम खान को टक्कर मार दी.. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया..
दोनों हादसों के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दिया.. मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया.. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ही घटनाओं में तेज रफ्तार मुख्य कारण रही.. लगातार बढ़ते सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.. पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है..