![]()
संजय गुप्ता/राजपुर@ जिले के थाना राजपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुरका जिड़गी पारा में एक हृदयविदारक हत्या का मामला सामने आया है.. आरोपी राम दिल आयाम उर्फ मिथुन (30 वर्ष), पिता रंगिया, निवासी ग्राम मुरका जिड़गी पारा ने अपनी पत्नी फरहारो (लगभग 30 वर्ष) की हाथ और पैर से गला दबाकर हत्या कर दी..
यह घटना 20 जनवरी 2026, मंगलवार की शाम करीब 6 बजे ग्राम मुरका जिड़गी पारा स्थित रामसुंदर गोंड के गन्ना बाड़ी में घटित हुई.. हत्या के दो दिन बाद 22 जनवरी 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी ने स्वयं अपने भाई श्याम दिल आयाम को घटना की जानकारी दी.. सूचना मिलने पर थाना राजपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची, जहाँ गन्ना बाड़ी में मृतिका का शव पड़ा मिला.. पुलिस द्वारा मौके की तस्दीक कर पंचनामा कार्रवाई की गई..

मामले में मृतिका के पति राम दिल आयाम उर्फ मिथुन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह लंबे समय से पेट दर्द और हाथ-पैर दर्द से पीड़ित था तथा कई स्थानों पर इलाज कराने के बावजूद ठीक नहीं हो पा रहा था.. बीमारी और मानसिक तनाव के चलते उसने पत्नी के साथ मिलकर साथ मरने का निर्णय लिया और इसी के तहत पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी..
हालांकि, बाद में आरोपी ने अपने दो छोटे बच्चों एक 8 वर्ष और दूसरा 3 वर्ष के भविष्य का हवाला देते हुए स्वयं आत्महत्या नहीं करने की बात स्वीकार की.. आरोपी के अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने राम दिल आयाम उर्फ मिथुन को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है.. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है.. पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है..
