15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने की संभावना, किसानों की सुविधा और अवैध परिवहन पर रोक लगाने पर जोर!
डेस्क_बलरामपुर@ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर अनिल सिदार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस वर्ष जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने की संभावना है।

जिले में इस बार कुल 54 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी। इनमें 49 पुराने केंद्र और 5 नवीन केंद्र शामिल हैं। बैठक में अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और उपार्जन समितियों के प्रबंधकों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए।
अपर कलेक्टर ने केंद्रों में टोकन व्यवस्था सुचारू रखने, किसानों को खरीदी प्रक्रिया की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने और विकासखंड स्तर पर ऑपरेटरों का प्रशिक्षण आयोजित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही धान के अवैध परिवहन तथा कोचियों और बिचौलियों पर रोक लगाने के लिए प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार चेकपोस्ट स्थापित कर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उपार्जन केंद्रों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश

बैठक में खाद्य अधिकारी ने उपार्जन केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सुगम पहुंच मार्ग, चबूतरे और फड़ का समतलीकरण, पेयजल, शौचालय, किसानों के लिए छायादार विश्राम स्थल, जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा तौल कांटों और बाटों का सत्यापन, कंप्यूटर, प्रिंटर, विद्युत व्यवस्था, बारदाना, सूचना पटल, प्राथमिक उपचार पेटी, सीसीटीवी कैमरे, धान की स्टैकिंग और टोकन ऐप की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
किसान पंजीयन और धान के भौतिक सत्यापन की समीक्षा

बैठक में फसल सर्वे, एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसान पंजीयन, एकीकृत पोर्टल में डाटा कैरी फॉरवर्ड, पिछले वर्ष के धान के उठाव और कस्टम मिलिंग की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को धान की फसल का भौतिक सत्यापन करने तथा शेष किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों के नॉमिनी की जानकारी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
बैठक में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, खाद्य अधिकारी विनय कुजूर, सहायक पंजीयक सुरेश कुमार पैंकरा, जिला विपणन अधिकारी प्रीतिका पूजा केरकेट्टा, सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी के.पी. मिश्रा सहित खाद्य निरीक्षक, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और उपार्जन समितियों के प्रबंधक एवं ऑपरेटर उपस्थित रहे।