![]()
संजय गुप्ता/रायपुर@ सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान हेतु सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है.. यह समारोह दिनांक 24 जनवरी 2026 (शनिवार) को दोपहर 12 बजे रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित होगा.. समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के माननीय मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में तथा माननीय परिवहन मंत्री की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न होगा.. इस अवसर पर यातायात एवं सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा..
जारी जानकारी के अनुसार, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज से दो पुलिस कर्मियों का चयन सम्मान हेतु किया गया है..
पहले चयनित अधिकारी निरीक्षक जितेंद्र जायसवाल, थाना शंकरगढ़, जिन्होंने जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया.. वर्ष 2025 में उनके नेतृत्व में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कुल 1140 प्रकरणों में कार्रवाई की गई, जिनमें 267 प्रकरण शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध रहे.. इसके साथ ही सड़क सुरक्षा माह के दौरान लगातार जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए गए..
दूसरे चयनित कर्मचारी प्र.आर. 08 अमित मिंज, यातायात शाखा बलरामपुर (हाईवे पेट्रोलिंग) हैं.. उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को “गोल्डन आवर” के दौरान अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.. उनके प्रयासों से वर्ष 2024 में 260 तथा वर्ष 2025 में 220 घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया.. परिवहन विभाग द्वारा संबंधित अधिकारियों से निर्धारित प्रारूप में जानकारी प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं.. प्रशासन ने चयनित पुलिस कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए इसे सड़क सुरक्षा के लिए प्रेरणादायक कदम बताया है..
