37 उपार्जन केंद्रों में हुई खरीदी, नए केंद्रों में भी पहले दिन से शुरू हुआ धान उपार्जन!
डेस्क_बलरामपुर@ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत बलरामपुर जिले में उत्साहजनक रही। खरीदी के पहले ही दिन किसानों ने बढ़-चढ़कर धान बेचा। 15 नवंबर को जिले के 54 उपार्जन केंद्रों में से 37 केंद्रों पर कुल 6,584 क्विंटल धान की खरीदी की गई। खास बात यह रही कि पिछले वर्ष खरीदी के पहले दिन जहां महज 332.4 क्विंटल धान की खरीदी हुई थी, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा लगभग 20 गुना अधिक रहा।

पहले दिन सबसे अधिक 597.2 क्विंटल धान वीरेंद्रनगर उपार्जन केंद्र में खरीदा गया। वहीं भंवरमाल में 528 क्विंटल, महराजगंज में 439.2 क्विंटल, विजयनगर में 427.6 क्विंटल, त्रिकुंडा में 376 क्विंटल तथा बसंतपुर में 355.2 क्विंटल धान की खरीदी हुई। इसके अलावा रामनगर, रामानुजगंज, पचावल, महावीरगंज, कामेश्वरनगर, रघुनाथनगर, डुमरपान, सरना और डिण्डों केंद्रों में भी 200 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी दर्ज की गई।
इस वर्ष शुरू किए गए नए उपार्जन केंद्रों में भी पहले दिन से ही खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो गई। इनमें पचावल में 241.6 क्विंटल, चेरा में 88.4 क्विंटल, लिलौटी में 56 क्विंटल और रामचंद्रपुर में 24.8 क्विंटल धान की खरीदी की गई।

प्रशासन द्वारा उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी निर्धारित मापदंडों के अनुसार कराई जा रही है। प्रति बोरा 40 किलोग्राम धान की भर्ती की जा रही है। नए जूट बारदाने का वजन 545 से 626 ग्राम तक मान्य है। वहीं धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत निर्धारित है, जिसकी जांच मॉइस्चर मीटर से की जा रही है। इसके साथ ही धान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्षतिग्रस्त, बदरंग, अंकुरित एवं घुने हुए दाने, अपरिपक्व व सिकुड़े दाने तथा निम्न श्रेणी के धान के मिश्रण की निर्धारित सीमा का भी ध्यान रखा जा रहा है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर साफ-सुथरा एवं सूखा धान ही उपार्जन केंद्रों में लेकर आएं। जिले में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान की खरीदी की जा रही है। पहले दिन की खरीदी के आंकड़े से इस वर्ष धान खरीदी को लेकर किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।