टोकन और क्यूआर कोड के माध्यम से किसान स्वयं कर सकेंगे उर्वरक की मांग, ऑनलाइन होगी वितरण व्यवस्था की निगरानी!
डेक्स_बलरामपुर@ जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा FFS (फ्रेमवर्क फर्टिलाइजर सेल सिस्टम) के माध्यम से उर्वरक विक्रय को लेकर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों और सहकारी समितियों के प्रबंधकों को नई प्रणाली के उपयोग की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बताया गया कि वे अपनी फसलों की आवश्यकता के अनुसार स्वयं उर्वरक का टोकन अथवा क्यूआर कोड जारी कर सकते हैं। वहीं समिति प्रबंधकों को उर्वरक विक्रय, पीओएस मशीन के संचालन, ऑनलाइन बिलिंग, किसान पंजीयन और उर्वरक वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कृषि विभाग के अनुसार FFS प्रणाली लागू होने से उर्वरक वितरण में पारदर्शिता आएगी और किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही उर्वरक की उपलब्धता और वितरण की ऑनलाइन निगरानी भी की जा सकेगी।
कृषि विभाग ने जिले की सभी सहकारी समितियों और उर्वरक विक्रेताओं से शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए केवल FFS प्रणाली के माध्यम से ही उर्वरक विक्रय करने की अपील की है, ताकि किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सके और वितरण व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सके।