नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई, अगले आदेश तक बिक्री और स्थानांतरण पर लगाई रोक!
डेक्स_बलरामपुर@ किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज, उर्वरक और कीटनाशक उचित दर पर उपलब्ध कराने तथा कृषि आदान विक्रय में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले के कृषि सेवा केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड बलरामपुर स्थित कृपा कृषि सेवा केंद्र में अनियमितता पाए जाने पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में बीज अधिनियम 1966 के प्रावधानों का उल्लंघन कर बीजों की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया। इस पर कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न कंपनियों के कुल 7.39 क्विंटल बीज जब्त किए। जब्त बीजों में 5 क्विंटल गेहूं, 1.55 क्विंटल सरसों और 0.84 क्विंटल मक्का के बीज शामिल हैं।
वहीं, निरीक्षण के दौरान कीटनाशी अधिनियम 1968 एवं 1979 के प्रावधानों का उल्लंघन भी पाया गया। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न कंपनियों के 42 लीटर तरल कीटनाशक और 25 किलोग्राम अन्य कीटनाशक उत्पाद भी जब्त किए।
कृषि विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को निर्देशित किया है कि जब्त किए गए बीज और कीटनाशकों की अगले आदेश तक बिक्री नहीं की जाए और न ही उन्हें निर्धारित भंडारण स्थल से हटाया जाए। विभाग द्वारा वैध अनुज्ञप्ति एवं निर्धारित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई से कृषि आदान विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री उपलब्ध कराने और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।