672 कार्यों का भूमिपूजन और 22 कार्यों का किया लोकार्पण, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मिलेगी मजबूती!
डेक्स_बलरामपुर@ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित कर्मा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकास को नई गति देते हुए कुल 71 करोड़ 47 लाख 99 हजार रुपये की लागत के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 20 लाख 62 हजार रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 17 करोड़ 27 लाख 37 हजार रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। वाड्रफनगर विकासखंड में 877.68 लाख रुपये की लागत से भगवानपुर से मेंढ़ारी तक 6 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं रामचंद्रपुर विकासखंड में 492.74 लाख रुपये की लागत से डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह मार्ग के 18 किलोमीटर हिस्से का मजबूतीकरण एवं उन्नयन किया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की वीबी-जी राम जी योजना के तहत जिले के सभी विकासखंडों में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें 61.56 लाख रुपये की लागत से शासकीय स्कूलों में 9 अतिरिक्त कक्ष, 458.98 लाख रुपये से 27 पुलिया, 348.88 लाख रुपये से 25 मिट्टी-मुरुम सड़कों तथा 3180.78 लाख रुपये की लागत से 609 अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 1431.84 लाख रुपये की लागत से निर्मित 7 एकल ग्राम नल-जल योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें बलरामपुर विकासखंड के भैंसामुण्डा, दलधोवा, खुर्रा एवं नवाडीहखुर्द तथा रामचंद्रपुर विकासखंड के कुर्लुडीह, धनपुरी एवं तामेश्वरनगर गांव शामिल हैं। इन योजनाओं के शुरू होने से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल में 36.10 लाख रुपये की लागत से स्थापित डायलिसिस यूनिट का लोकार्पण किया गया। इससे किडनी रोगियों को अब डायलिसिस के लिए जिले से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा वीबी-जी राम जी योजना के तहत 140.28 लाख रुपये की लागत से निर्मित 12 आंगनबाड़ी भवनों का भी लोकार्पण किया गया। वहीं छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा राजपुर में 48.03 लाख रुपये की लागत से निर्मित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय भवन तथा कुसमी विकासखंड के चान्दो में 71.12 लाख रुपये की लागत से निर्मित तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। इन नए भवनों से क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इन विकास कार्यों की सौगात से जिले में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी।