करीब 13 दलों के 300 कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुति, पारंपरिक नृत्य के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हुआ भव्य स्वागत!
डेक्स_बलरामपुर@ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम रघुनाथनगर में शुक्रवार को सेला और करमा नृत्य का भव्य आयोजन किया गया। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 13 दलों के लगभग 300 कलाकारों ने पारंपरिक करमा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। मांदर की थाप और झांझ की झंकार से पूरा मैदान लोक संस्कृति के रंग में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में मांदर की थाप पर कदम से कदम मिलाते हुए शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। घुंघरुओं की रुनझुन और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नृत्य की लय और उत्साह ऐसा रहा कि मैदान में मौजूद हजारों दर्शक भी कलाकारों के साथ ताल मिलाते नजर आए। अलग-अलग नृत्य दलों की प्रस्तुतियों में पारंपरिक संस्कृति, आपसी सामंजस्य और लोककला की समृद्ध झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के रघुनाथनगर पहुंचने पर जिलेवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। करमा नृत्य दलों के कलाकारों ने मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री की अगवानी की। लोकगीतों, मांदर की गूंज और घुंघरुओं की झंकार के बीच हुआ यह स्वागत पूरे आयोजन का आकर्षण रहा।
कार्यक्रम ने एक बार फिर क्षेत्र की समृद्ध आदिवासी लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्य विधाओं की जीवंतता को प्रदर्शित किया।