रघुनाथनगर के मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों ने कराया उपचार, 120 गांवों में सर्वे कर 13,104 मरीज किए गए थे चिह्नित!
डेस्क_बलरामपुर@ वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम कोगवार निवासी 50 वर्षीय रामजतन पाल दो लाठियों के सहारे रघुनाथनगर में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर पहुंचे। घर की दीवार ढहने के बाद से उनकी कमर और घुटनों में लगातार दर्द बना हुआ है, जिससे चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया है। शिविर में चिकित्सकों ने उनकी जांच कर आगे के उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में एक्स-रे कराने की सलाह दी। वहीं, ग्राम जोरही की 60 वर्षीय समुद्री बाई को उनका बेटा व्हीलचेयर पर लेकर पहुंचा। आंखों की जांच में मोतियाबिंद की समस्या सामने आने पर चिकित्सकों ने ऑपरेशन कराने की सलाह दी। अब परिवार को उम्मीद है कि उपचार के बाद उनकी आंखों की रोशनी में सुधार होगा।

इसी तरह ग्राम बेबरी पटेवा की 56 वर्षीय बिरदुलिया बाई ने महिला चिकित्सक से स्त्री रोग संबंधी परेशानी बताकर परामर्श और दवा प्राप्त की। ग्राम कोटी की 50 वर्षीय कल्पतिया बाई ने भी स्त्री रोग संबंधी जांच कराई। वहीं ग्राम गुडरु के 75 वर्षीय सुधामा सिंह ने घुटनों के दर्द का उपचार कराया, जबकि ग्राम शंकरपुर के 60 वर्षीय राम प्रसाद ने घुटनों में दर्द और कम दिखाई देने की समस्या चिकित्सकों को बताई।
दरअसल, वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान में कर्मा महोत्सव के दौरान जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा विशाल मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अन्य अतिथियों के साथ शिविर का अवलोकन किया और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
7,259 लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ
स्वास्थ्य विभाग से शाम 5 बजे तक प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में कुल 7,259 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। इनमें 4,224 महिलाएं और 3,035 पुरुष शामिल रहे। मेडिसिन विशेषज्ञों ने सर्वाधिक 1,473 मरीजों की जांच की, जबकि हड्डी रोग विशेषज्ञों ने 1,405 लोगों को परामर्श दिया। इसके अलावा चर्म रोग के 943, नाक-कान-गला के 743, नेत्र रोग के 644, आयुर्वेद के 631 और सामान्य सर्जरी के 467 मरीजों की जांच की गई। शिशु रोग विशेषज्ञों ने 405 बच्चों, स्त्री रोग विशेषज्ञों ने 289 महिलाओं, मानसिक रोग विशेषज्ञों ने 168 तथा कैंसर रोग विशेषज्ञों ने 91 लोगों का परीक्षण किया।
1,401 लोगों का बढ़ा मिला रक्तचाप, 695 का शुगर स्तर अधिक
शिविर में जांच के दौरान 1,401 लोगों का रक्तचाप और 695 लोगों का शुगर स्तर बढ़ा हुआ पाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। इसके साथ ही मरीजों के सैंपल संग्रहण और जरूरत के अनुसार दवा वितरण की व्यवस्था भी की गई।
120 गांवों में घर-घर सर्वे कर चिह्नित किए गए 13,104 मरीज
मेगा स्वास्थ्य शिविर के आयोजन से पहले स्वास्थ्य विभाग के अमले ने वाड्रफनगर विकासखंड के 120 गांवों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वे किया था। सर्वे के दौरान कुल 13,104 मरीजों को चिह्नित किया गया। इनमें जोड़ों, कमर और घुटनों के दर्द से पीड़ित 2,918 तथा मेडिसिन संबंधी समस्याओं वाले 2,878 लोग शामिल थे। इसके अलावा स्त्री रोग संबंधी परेशानी से जूझ रही 2,224 महिलाएं, आंखों की समस्या वाले 1,602 लोग और 1,004 बच्चे चिह्नित किए गए। दंत रोग के 646, चर्म रोग के 616, सर्जरी संबंधी समस्याओं के 640 तथा नाक-कान-गला संबंधी परेशानी वाले 576 मरीज भी सर्वे में सामने आए।
32 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
शिविर में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय अंबिकापुर, जिला चिकित्सालय बलरामपुर तथा वाड्रफनगर एवं रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पतालों के कुल 32 चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। महिला स्वास्थ्य शिविर में महिलाओं को स्तन में गांठ, माहवारी की अनियमितता और सफेद पानी जैसी समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर जांच एवं उपचार कराने के लिए जागरूक किया गया।
अपने ही क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और परामर्श की सुविधा मिलने पर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताया। शिविर में कई लोगों को दवाएं और उपचार मिला, वहीं गंभीर समस्याओं से पीड़ित मरीजों को आगे के उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन मिला। रामजतन पाल और समुद्री बाई जैसे जरूरतमंद मरीजों के लिए यह शिविर बेहतर उपचार की दिशा में उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया।