CMHO डॉ. विजय कुमार सिंह ने CHC राजपुर और PHC बरियों का सायंकालीन औचक निरीक्षण किया। अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए!
डेस्क_बलरामपुर@ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और स्वास्थ्य संस्थाओं में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. विजय कुमार सिंह ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियों का सायंकालीन औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान CMHO ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने निर्धारित मुख्यालय में रहकर समय पर कर्तव्य स्थल पर उपस्थित होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का क्रियान्वयन जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।
डॉ. सिंह ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य संस्थाएं आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण आधार हैं। इसलिए मरीजों को समय पर आवश्यक उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने पर भी जोर दिया।

औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए अधिकारी-कर्मचारियों के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। CMHO ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।