कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा, किसानों की आय बढ़ाने पर दिया गया विशेष जोर!
डेस्क _बलरामपुर@ कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समन्वित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रबी सीजन की तैयारियों, कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की प्रगति तथा किसानों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उन्हें कृषि के माध्यम से अधिक लाभ दिलाना शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में कलेक्टर ने रबी सीजन के दौरान दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के साथ किसानों को ऐसी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाए, जिनकी बाजार में अच्छी मांग हो और किसानों को उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। धान के साथ अन्य व्यावसायिक फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए भी आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ऑयल पाम की खेती और अंतरवर्तीय फसलों को बढ़ावा देने के निर्देश

कलेक्टर ने ऑयल पाम की खेती को प्रोत्साहित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑयल पाम के साथ अंतरवर्तीय फसलों (इंटरक्रॉपिंग) को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया, ताकि किसान उपलब्ध कृषि भूमि का बेहतर उपयोग कर सकें और उनकी आय में वृद्धि हो सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को विभिन्न फसलों के लाभ, बाजार की मांग और उपलब्ध शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाए। साथ ही योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए विभागीय समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके।
बैठक में उप संचालक कृषि रामचन्द्र भगत, सहायक संचालक उद्यानिकी कमलेश साहू सहित विकासखंड स्तरीय संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।