डेस्क_बलरामपुर@ जिले के पास्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरसोत जंगल में बारिश के बीच एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बर्फानी बस झारखंड के गढ़वा से अंबिकापुर की ओर जा रही थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं है और किसी को गंभीर चोट लगने की जानकारी भी सामने नहीं आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस जब सेमरसोत जंगल के रास्ते से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रही एक गाड़ी को साइड देने के दौरान चालक ने बस को सड़क के किनारे किया। बताया जा रहा है कि बारिश के चलते सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई थी, जिससे किनारे की जमीन कमजोर हो गई थी। इसी दौरान बस का पहिया कच्ची जमीन पर उतर गया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
- स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बाहर निकाला!
बस पलटते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में सवार यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी से लोगों ने राहत की सांस ली। हादसे में जनहानि नहीं होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
- बारिश में सड़क किनारे वाहन चलाना जोखिम भरा!
लगातार बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी कमजोर होने और धंसने की स्थिति में वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ जाता है। सेमरसोत जंगल में हुआ यह हादसा भी सड़क किनारे की कमजोर जमीन के कारण हुआ बताया जा रहा है। ऐसे में बारिश के दौरान जंगल और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।