2009 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन, सड़क, पुल, स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा !
डेस्क_बलरामपुर@ मौसम खराब होने के कारण छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम चिरई, जशवंतपुर का प्रस्तावित दौरा टल गया। मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचना था, लेकिन प्रतिकूल मौसम के चलते कार्यक्रम में उनकी भौतिक उपस्थिति नहीं हो सकी। इसके बावजूद मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और जिले को 202 करोड़ 65 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री काका लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने जिले में कुल 2009 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 156 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत के 1863 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 45 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत के 146 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन कार्यों के माध्यम से जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने का प्रयास किया गया है।
• तीन सड़कों के निर्माण पर खर्च होंगे 71 करोड़ 89 लाख रुपये!

जिले में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 71 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से तीन सड़कों के निर्माण कार्यों की सौगात दी गई। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था मजबूत होने और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
वहीं, कुसमी विकासखंड में 26 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से पांच पुलों का निर्माण किया जाएगा। पुलों के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने के साथ ही दूरस्थ इलाकों की संपर्क व्यवस्था बेहतर होने की संभावना है।
• स्कूल भवन और सामुदायिक सुविधाओं की भी घोषणा!
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से डिपाडीह हाई स्कूल, झज्जर हाई स्कूल भवन, चांदो में सामुदायिक भवन तथा साथी स्वागत द्वार से संबंधित कार्यों की घोषणा की। इन घोषणाओं से शिक्षा, सामुदायिक सुविधाओं और स्थानीय विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
• मौसम ने बदला कार्यक्रम, विकास कार्यों को मिली गति!
मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा मौसम खराब होने के कारण भले ही टल गया, लेकिन वर्चुअल माध्यम से आयोजित कार्यक्रम के जरिए जिले को बड़ी विकास सौगात मिली। सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों के पूरा होने पर ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, संपर्क और नागरिक सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।