डेस्क_कुसमी@ भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रांताध्यक्ष के आह्वान पर बलरामपुर जिले के पेंशनर्स ने महंगाई भत्ते में मात्र 2 प्रतिशत वृद्धि किए जाने के शासन के आदेश के विरोध में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को दुर्गा चौक कुसमी में एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष अनिल सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पेंशनर्स एकत्रित हुए और शासन के निर्णय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान पेंशनर्स ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जनवरी 2026 से देय महंगाई भत्ते के संबंध में नवंबर 2026 से मात्र 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिए जाने के आदेश पर नाराजगी जताई। आक्रोशित पेंशनर्स ने शासन के इस आदेश की प्रति जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया और महंगाई भत्ते में उचित वृद्धि की मांग उठाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक विनोद सिन्हा ने की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनिल सिन्हा ने उपस्थित पेंशनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि अपने अधिकारों और जायज मांगों को पूरा कराने के लिए पेंशनर्स को एकजुट रहना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेंशनर्स महासंघ उनकी उचित मांगों को समय-समय पर केंद्र एवं राज्य शासन के समक्ष मजबूती से उठाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि पेंशनर्स ने अपने सेवाकाल में शासन और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में उनके हितों और अधिकारों से जुड़े विषयों पर शासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
इस विरोध प्रदर्शन में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ जिला बलरामपुर के जिलाध्यक्ष अनिल सिन्हा, सेवानिवृत्त शिक्षक विनोद सिन्हा, दीनानाथ जायसवाल, वीरेंद्र सिंह, सत्यनारायण सिंह, रमेश पांडे, गुप्ता प्रसाद गुप्ता, लखपति बाई, शंकर राम, भैयालाल, मुनेश्वर राम, छेदीलाल सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।