सामुदायिक सहभागिता से ठंड से बचाव की व्यवस्था, बच्चों के साथ आयोजित हुआ न्योता भोज
डेक्स_बलरामपुर@ जिले के पहाड़ी कोरवा बहुल ग्राम पंचायत पौड़ीखुर्द में शिक्षकों की सराहनीय पहल से स्कूली बच्चों को ठंड से राहत देने के लिए स्वेटर वितरित किए गए। जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में प्राथमिक शाला किसानपारा पौड़ीखुर्द एवं माध्यमिक शाला पौड़ीखुर्द में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वेटर प्रदान किए गए। इस अवसर पर न्योता भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत पौड़ीखुर्द विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) पहाड़ी कोरवा बहुल क्षेत्र है। यहां की पहाड़ी कोरवा बस्ती आमकोना के बच्चे इन विद्यालयों में अध्ययनरत हैं। सर्दी के मौसम को देखते हुए विद्यालय के शिक्षकों ने सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सभी बच्चों को स्वेटर उपलब्ध कराने की पहल की, जिससे बच्चों को ठंड से बचाव में मदद मिलेगी।
शिक्षकों की इस पहल की सराहना करते हुए उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने इसे बच्चों के हित में एक सकारात्मक प्रयास बताया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पौड़ीखुर्द की सरपंच अंजेला भेंगरा, उपसरपंच तथा शाला प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।