डेस्क अचूक प्रहार/बारां@ राजस्थान के बारां जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र में होड़ापुरा के पास नदी के तेज बहाव में बहे दादा-पोते के शव करीब 40 घंटे बाद रविवार को बरामद कर लिए गए। हादसे के बाद से ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें नदी में लगातार तलाश अभियान चला रही थीं।
बताया जा रहा है कि नदी के तेज बहाव में दादा-पोता बह गए थे। घटना के बाद एसडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने नदी में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया। शनिवार को काफी प्रयासों के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
रविवार को दूसरे दिन एक बार फिर बचाव अभियान शुरू किया गया। तलाश के दौरान दोनों के शव नदी में पत्थरों के बीच फंसे हुए मिले। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला।
शाहबाद थाना अधिकारी योगेश शर्मा ने बताया कि करीब 40 घंटे बाद दादा-पोते के शव बरामद कर लिए गए हैं। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।