झारखंड में बिक्री के लिए बनी शराब के साथ 51 खाली शीशियां और 560 ढक्कन बरामद, आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज!
डेस्क_बलरामपुर@ बलरामपुर जिले में अवैध और मिलावटी मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी शशांक शर्मा के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय आबकारी उड़नदस्ते ने चांदो थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरियाडीह में दबिश देकर एक आरोपी के कब्जे से झारखंड राज्य में बिक्री के लिए निर्मित 11.6 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त की है।
कार्रवाई के दौरान 29 वर्षीय आरोपी अरविन्द कुमार, पिता रामचंद्र प्रसाद, के पास से मिलावट के लिए धोकर रखी गई 51 खाली शीशियां और शराब की शीशियों को सील पैक करने के लिए रखे गए 560 ढक्कन भी बरामद किए गए। इन सामग्रियों की बरामदगी से दूसरे राज्य की मदिरा में मिलावट कर दोबारा पैकिंग करने की तैयारी की आशंका सामने आई है।
आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना परिवीक्षाधीन आबकारी उपनिरीक्षक मनीष कुमार चंद्रा द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक चन्द्रदीप भगत और अभिषेक राजवाड़े, मुख्य आरक्षक धर्मजीत राम शर्मा, सैनिक कलिस्ता एक्का एवं हेमंती तिर्की तथा वाहन चालक दिनेश यादव शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध एवं मिलावटी मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।