शंकरगढ़ पुलिस की कार्रवाई, फर्जी अंकसूची के आधार पर नियुक्ति कराने के आरोप में दर्ज है मामला!
डेस्क_बलरामपुर@ शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में फर्जी अंकसूची के आधार पर नियुक्ति कराने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी विष्णु यादव (33 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 18 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एकीकृत बाल विकास परियोजना कुसमी की तत्कालीन प्रभारी परियोजना अधिकारी की रिपोर्ट पर 23 अगस्त 2025 को शंकरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 115/2025 दर्ज किया गया था। मामले में फर्जी अंकसूची के आधार पर आंगनबाड़ी सहायिका के पदों पर नियुक्ति के लिए षड्यंत्र रचने और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध कायम किया गया था।
विवेचना के दौरान इस प्रकरण में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सभी नौ आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया था। इसी मामले में विष्णु यादव घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
आखिरकार पुलिस ने फरार आरोपी विष्णु यादव, पिता प्रेमशंकर यादव, निवासी ग्राम भैरवपुर, थाना चलगली, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।