झारखंड से रामानुजगंज आया था परिवार, गोताखोरों की मदद से तीन घंटे की मशक्कत के बाद बरामद हुआ शव!
डेस्क_रामानुजगंज@ बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में कन्हर नदी में डूबने से झारखंड से आए 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। किशोर दशहरा मेले में बैलून बेचकर परिवार की मदद करने आया था। सोमवार दोपहर अपने दो चचेरे भाइयों के साथ नदी में नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के डालटनगंज क्षेत्र के ग्राम बंदुआ निवासी एक परिवार दशहरा मेले में बैलून बेचने के लिए रामानुजगंज आया हुआ था। सोमवार दोपहर बैलून बेचने के बाद इरशाद अंसारी (14) अपने चचेरे भाइयों शमशाद अंसारी (10) और सफीक अंसारी (9) के साथ राम मंदिर के पास कन्हर नदी में नहाने गया था। इसी दौरान इरशाद नहाते हुए महामाया मंदिर के पास स्थित एनीकट की ओर गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
गोताखोरों की मदद से बरामद हुआ शव
किशोर के नदी में डूबने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने कालिकापुर से गोताखोरों को बुलाकर नदी में खोजबीन शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद दोपहर करीब तीन बजे किशोर का शव पानी से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज स्थित सौ बिस्तर अस्पताल भेज दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कमाई की उम्मीद लेकर आए थे, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दशहरा मेले में बैलून बेचकर कुछ पैसे कमाने की उम्मीद लेकर रामानुजगंज आया परिवार इस हादसे से गहरे सदमे में है। जिस मेले में परिवार खुशियों और उम्मीदों के साथ पहुंचा था, वहीं एक हादसे ने उसकी खुशियां छीन लीं। किशोर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।