3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीदी, पहले दिन किसानों ने बेचा 66 क्विंटल से अधिक धान
डेस्क_बलरामपुर@ जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ 15 नवंबर से हो गया। बलरामपुर धान उपार्जन केंद्र में किसानों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर तौल मशीन और बांट की पूजा की तथा धान खरीदी उत्सव की शुरुआत की। इस अवसर पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने धान बेचने पहुंचे किसान संतन सिंह एवं संतोष यादव का तिलक लगाकर और माला पहनाकर सम्मान किया। उन्होंने किसानों का मुंह मीठा कराते हुए धान खरीदी की शुभकामनाएं दीं।

धान खरीदी के पहले दिन जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों में सुबह से ही किसानों की चहल-पहल देखने को मिली। वीरेंद्रनगर, रघुनाथनगर, बरदर, वाड्रफनगर, बसंतपुर, डोंगरो, बरियों, सरना, रामानुजगंज, जमड़ी, त्रिकुंडा, बलंगी और रामनगर सहित कई समितियों में पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी प्रारंभ हुई।
इस दौरान कलेक्टर त्रिपाठी ने बताया कि शासन द्वारा किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। उपार्जन केंद्रों में प्रति बोरा 40 किलोग्राम धान की भर्ती होगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त करें और निर्धारित तिथि पर साफ-सुथरा एवं सूखा धान लेकर केंद्र पहुंचें। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य पारदर्शी व्यवस्था के साथ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर टोकन, बारदाना, धान खरीदी, धान उठाव, रिजेक्ट, स्टॉक एवं निरीक्षण पंजी का अवलोकन किया। साथ ही हमालों की अद्यतन स्थिति दर्ज करने के लिए हमाल रजिस्टर में नियमित एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पहले दिन धान बेचने पहुंचे ग्राम ओबरी के किसान संतन सिंह ने बताया कि वे लगभग 7 एकड़ में खेती करते हैं और उन्होंने 50 क्विंटल धान यानी 125 बोरा समिति में बेचा है। वहीं जतरो एवं अलगडीहा में खेती करने वाले किसान संतोष यादव ने 16 क्विंटल 40 किलोग्राम धान का विक्रय किया। दोनों किसानों ने खरीदी केंद्र की व्यवस्था पर संतोष जताया।
इस तरह होगी धान खरीदी की प्रक्रिया
उपार्जन केंद्र पहुंचने पर किसानों को सबसे पहले आवक पंजी में पंजीयन कराना होगा। इसके बाद किसान अथवा पंजीकृत नॉमिनी का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद धान को निर्धारित फड़ में खाली कराया जाएगा। यहां मॉइस्चर मीटर से धान की नमी की जांच होगी, जिसमें अधिकतम 17 प्रतिशत नमी मान्य होगी। गुणवत्ता परीक्षण के बाद हमालों द्वारा बारदानों में धान की भराई, तौल, सिलाई और सुरक्षित स्टैकिंग की जाएगी। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजीयन से लेकर तौल एवं भंडारण तक की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।