डेस्क_बलरामपुर@ लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित मां सिंदूर नदी छठ घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। बनारस के प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट की तर्ज पर आयोजित इस विशेष आरती में आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा घाट भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। इस भव्य आयोजन में 5 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए।
गंगा आरती के दौरान दीपों की जगमगाहट, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार ने माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। एक साथ प्रज्वलित होते आरती के दीप और मां सिंदूर नदी के तट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ आयोजन की भव्यता को दर्शा रही थी। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ आरती में शामिल होकर मां गंगा और छठी मैया के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

समिति का स्टेज
इस अवसर पर बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, भाजपा जिला अध्यक्ष एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी गंगा आरती में शामिल हुए।

• छठ महापर्व का प्रमुख आकर्षण बन चुकी है गंगा आरती।
गौरतलब है कि बलरामपुर के मां सिंदूर नदी छठ घाट पर प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाता है। समय के साथ यह आयोजन महापर्व का प्रमुख आकर्षण बन चुका है। गंगा आरती को देखने के लिए न केवल स्थानीय लोग बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
छठ महापर्व की लोक आस्था, धार्मिक परंपरा और भव्य गंगा आरती का यह संगम बलरामपुर की सांस्कृतिक पहचान को एक अलग आयाम दे रहा है। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने एक बार फिर साबित किया कि मां सिंदूर नदी का छठ घाट आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बन चुका है।