उपार्जन नीति 2026 के दिशा-निर्देशों से अधिकारियों को कराया अवगत, किसानों को सुविधा देने के दिए निर्देश
डेस्क_बलरामपुर@ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिले के सभी अनुविभागों में एसडीएम द्वारा अनुभाग स्तरीय समीक्षा बैठकें लेकर खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। इन बैठकों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को धान खरीदी की प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जा रही है।

इसी कड़ी में शंकरगढ़ एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समिति प्रभारियों, खाद्य निरीक्षक, मंडी निरीक्षक, सहकारिता निरीक्षक एवं ऑपरेटरों की उपस्थिति में धान खरीदी वर्ष 2026 की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपार्जन नीति 2026 के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।

एसडीएम ने निर्देश दिए कि धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि उन्हें धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही पूरी खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।