क्षतिग्रस्त स्लूस गेट का होगा नया निर्माण, पानी के रिसाव की समस्या से मिलेगी निजात!
डेक्स_बलरामपुर@ रामानुजगंज नगर के जलस्तर को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रामानुजगंज जलाशय (बोहला बांध) के जीर्णोद्धार की दिशा में शासन ने सकारात्मक पहल की है। बांध के क्षतिग्रस्त स्लूस गेट से लगातार हो रहे पानी के रिसाव को रोकने के लिए शासन ने नए स्लूस गेट के निर्माण और बांध की मरम्मत के लिए 186.60 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। वहीं, कार्य के लिए 144.34 लाख रुपये की निविदा भी जारी कर दी गई है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार, रामानुजगंज जलाशय का निर्माण वर्ष 1982 में पूरा हुआ था। लंबे समय से उपयोग में रहने के कारण बांध का स्लूस गेट क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके चलते जलाशय से पानी का रिसाव हो रहा है। इससे जल भंडारण प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी।
समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभाग द्वारा जीर्णोद्धार कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा और इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बांध में नए स्लूस गेट के निर्माण और मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद पानी के अनावश्यक बहाव पर रोक लगेगी। इससे जलाशय में पर्याप्त पानी का भंडारण संभव हो सकेगा और रामानुजगंज नगर के जलस्तर को बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।