संजय गुप्ता/बलरामपुर@ अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बलरामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से बिहार ले जाए जा रहे 109.235 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से बलरामपुर के रास्ते बिहार की ओर एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक JH10AQ5144 में बड़ी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध मार्ग पर मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के डाला के नीचे बनाए गए गुप्त चैम्बर में बॉक्स होने की आशंका पर पुलिस ने डाला को ऊपर से उठाकर जांच की। तलाशी के दौरान गुप्त चैम्बर से 100 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 109.235 किलोग्राम पाया गया। बरामद गांजे की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने वाहन चालक योगीराज, पिता ऐशन शाह, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम कतिकनार, वार्ड क्रमांक 05, थाना नवानगर, जिला बक्सर, बिहार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है। मामले में थाना सिटी कोतवाली बलरामपुर में अपराध क्रमांक 167/2026, धारा 20(ख)(2)(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना बलरामपुर पुलिस द्वारा की गई।