संजय गुप्ता/रामानुजगंज@ वन सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए त्रिकुंडा क्षेत्र के जंगल से अवैध रूप से साल लट्ठों का परिवहन करते एक पिकअप वाहन को पकड़ा है। वाहन से साल के 5 नग लट्ठे बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर 2026 की रात सर्किल बगरा, बीट त्रिकुंडा के कक्ष क्रमांक 794 में कुछ लोगों द्वारा जंगल से साल की लकड़ी निकालकर पिकअप वाहन में लोड कर परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों और वन कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर वाहन को पकड़ लिया।

बताया गया कि कार्रवाई के दौरान 6 आरोपी मौके पर पाए गए, जबकि कुछ अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश और उनकी पहचान की कार्रवाई वन विभाग द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी बलरामपुर के निर्देशन में उपवनमंडलाधिकारी बलरामपुर एवं वन परिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज के मार्गदर्शन में की गई। वन विभाग ने बरामद लकड़ी और वाहन को कब्जे में लेते हुए मामले में नियमानुसार वन अपराध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।