संजय गुप्ता/रामानुजगंज@ बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड को लेकर 12वीं बटालियन छसबल, रामानुजगंज में मंगलवार को साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बटालियन के अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को साइबर ठगी के नए तरीकों से अवगत कराते हुए बचाव के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में OTP फ्रॉड, फर्जी पुलिस या बैंक अधिकारी बनकर कॉल करना, डेबिट-क्रेडिट कार्ड PIN व CVV हासिल करना, फर्जी लिंक और वेबसाइट, इंश्योरेंस पॉलिसी अपडेट, शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का लालच, नौकरी एवं लोन दिलाने के नाम पर ठगी सहित सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों और कर्मचारियों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM/डेबिट कार्ड PIN, CVV, UPI PIN, पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान वेबसाइट या मोबाइल एप पर व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी दर्ज करने से भी बचने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में विशेष रूप से साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCCRP) पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। बताया गया कि ठगी के बाद जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, राशि को रोकने की संभावना उतनी ही अधिक रहेगी।
कार्यक्रम में बटालियन सेनानी दौलत राम पोर्ते, सहायक सेनानी लियोस कुजूर, HDFC बैंक रामानुजगंज के बैंक मैनेजर राकेश झा, रामानुजगंज थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी तथा जिला बलरामपुर साइबर सेल की टीम ने साइबर अपराध से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी।

इस अवसर पर कंपनी कमांडर भारत भूषण गिरी, कंपनी कमांडर रूपनाथ राम, निरीक्षक जीवन किशोर कुजूर, सहायक उपनिरीक्षक बालम सिंह, पीसी अल्वीनुस बड़ा, एपीसी अरुण कुमार, उदयवीर सिंह सहित साइबर टीम के राज कमल सैनी, मंगल सिंह और राज किशोर पैकरा समेत बटालियन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहें” का संदेश दिया गया। साथ ही अधिकारियों-कर्मचारियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।