संजय गुप्ता/कुसमी@ नशीली कफ सिरप की बिक्री के मामले में कुसमी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि कफ सिरप की सप्लाई झारखंड से की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, 16 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुसमी निवासी आसिफ अंसारी उर्फ बबलू नशीली कफ सिरप लेकर बिक्री के लिए घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने एकलव्य स्कूल के सामने मेन रोड कुसमी में घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा। गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से Wings कंपनी की Codeine Phosphate & Triprolidine Hydrochloride Syrup ONEREX की 13 शीशियां बरामद हुईं।
बरामद प्रत्येक शीशी 100 एमएल की थी, इस तरह कुल 1300 एमएल नशीली कफ सिरप पुलिस ने जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,619.50 बताई गई है। आरोपी से कफ सिरप के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 28/2026, धारा 21(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पूछताछ में सामने आया सप्लायर का नाम
मामले की विवेचना आगे बढ़ने पर गिरफ्तार आरोपी के कथन और पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर नशीली कफ सिरप सप्लाई करने वाले एक अन्य आरोपी की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक दामोदर प्रसाद पिता स्व. रामलखन साव उर्फ लखन साव, उम्र 59 वर्ष, निवासी बस स्टैंड रोड महुआडाड़, थाना महुआडाड़, जिला लातेहार (झारखंड) का नाम सामने आया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दामोदर प्रसाद से मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर कफ सिरप खरीदी गई थी। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई से नशीली कफ सिरप की अवैध बिक्री और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसने की बात सामने आई है।