रामचंद्रपुर के छत्तरपुर और कालिकापुर में किया निरीक्षण, त्रुटिरहित एवं पारदर्शी सर्वे के दिए निर्देश !
डेस्क अचूक प्रहार_बलरामपुर@ सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेंद्र कुमार दुग्गा एवं बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की कलेक्टर चन्दन संजय त्रिपाठी ने रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम छत्तरपुर एवं कालिकापुर में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर फसल आच्छादन की स्थिति और डिजिटल सर्वे की तकनीकी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
ग्राम छत्तरपुर में संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने मूंगफली और धान की फसलों के सर्वे कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद सर्वे दल से प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि किसानों के रकबे और फसल संबंधी विवरण दर्ज करने में विशेष सावधानी बरती जाए। उन्होंने सर्वे कार्य को पूरी शुद्धता, पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया, ताकि किसी भी किसान के फसल अथवा रकबे के विवरण में त्रुटि न हो।
इसके बाद ग्राम कालिकापुर में अधिकारियों ने खेतों के बीच पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे की संपूर्ण तकनीकी प्रक्रिया को देखा। इस दौरान राजस्व एवं कृषि विभाग के मैदानी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित सर्वे कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने रामचंद्रपुर में पौधारोपण भी किया। संभागायुक्त श्री नरेंद्र कुमार दुग्गा ने आम तथा कलेक्टर श्रीमती चन्दन संजय त्रिपाठी ने नींबू के पौधे का रोपण किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने की आवश्यकता पर संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपायुक्त सरगुजा आर.के. खूंटे, उपायुक्त शारदा अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आनंद राम नेताम सहित अन्य अधिकारियों ने भी फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण भी किया।