संजय गुप्ता/कुसमी@ विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुसमी मनोज गुप्ता ने अपने जन्मदिन को सामाजिक सरोकार और बच्चों के साथ अपनत्व के भाव के साथ मनाते हुए विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में ‘नेवता भोज’ का आयोजन कराया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।
मनोज गुप्ता के जन्मदिन के अवसर पर अमरपुर संकुल के प्राथमिक शाला जिरहुल, डाँड़टोली, करकली संकुल के प्राथमिक शाला करकली पश्चिम तथा भूलसी संकुल के प्राथमिक शाला तेतरटोली में नेवता भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ शिक्षक, अभिभावक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
इस दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, बीपीओ, संकुल प्राचार्य, संकुल समन्वयक एवं शिक्षकगण के साथ विद्यार्थियों के बीच बैठकर सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया। बच्चों के साथ भोजन कर उन्होंने उनके साथ संवाद किया और जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
‘नेवता भोज’ के आयोजन से विद्यालयों में उत्साह और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के साथ अपनत्व, सहयोग और सामुदायिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने मनोज गुप्ता को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।