हरकीरत सिंह(बॉबी)/सीतापुर@ सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता अमरजीत भगत एक बार फिर जनसमस्याओं को लेकर सड़क पर नजर आए। बतौली में बिजली विभाग के स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में कांग्रेस ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग प्रदर्शन में शामिल हुए।
भारी बारिश के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। कार्यकर्ता पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर व्यवस्था और बिजली बिलों में कथित बढ़ोतरी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन पर डटे रहे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। पार्टी ने सरकार और बिजली विभाग से उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने तथा बढ़े हुए बिलों की जांच कराने की मांग की।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने जनसमस्याओं को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने स्मार्ट मीटर और बिजली बिल से जुड़ी शिकायतों का निराकरण करने की मांग उठाई।
सीतापुर विधानसभा में अमरजीत भगत का यह प्रदर्शन राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। जनसमस्याओं को लेकर लगातार सड़क पर उतरकर कांग्रेस क्षेत्र की मौजूदा भाजपा सरकार और स्थानीय राजनीतिक नेतृत्व को घेरने की कोशिश कर रही है।
भारी बारिश के बीच हुआ यह प्रदर्शन कांग्रेस के तेवर और संगठनात्मक सक्रियता को भी सामने लाता है। अब देखना होगा कि स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाई गई मांगों पर बिजली विभाग और सरकार की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।