
संजय गुप्ता/सरगुजा@ सीतापुर में ज्वेलर्स व्यवसायी से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग उठाकर फरार हुए आरोपियों के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस की संयुक्त टीम ने छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी विश्लेषण और अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय कर संदेहियों की पहचान की। मामले में एक आरोपी के घर से करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
दुकान खोलते समय स्कूटी से बैग लेकर भागे थे आरोपी !
मामला 26 जुलाई 2026 का है। सीतापुर के हाईस्कूल के पास संचालित काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुणदेव सोनी सुबह करीब 11:30 बजे अपनी स्कूटी से ज्वेलरी का बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। दुकान के पास स्कूटी खड़ी कर शटर खोलने के दौरान अज्ञात व्यक्ति स्कूटी के सामने रखा ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार हो गया था। बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले !
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों के भागने के पूरे रूट को फॉलो किया।
जांच में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों के बैग लेकर फरार होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने सरगुजा के गेरसा से लेकर जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार और झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा होते हुए ओडिशा के सुंदरगढ़ सहित अन्य संभावित स्थानों के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया।
फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और आरोपियों के हुलिए के आधार पर अलग-अलग राज्यों की पुलिस से समन्वय कर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान चांटी दास निवासी सोर्डा, जिला गंजाम, ओडिशा और नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम, ओडिशा के रूप में हुई।
ओडिशा में 10 दिन चला सर्च ऑपरेशन !
आरोपियों की पहचान होने के बाद पुलिस टीम को ओडिशा के गंजाम जिले भेजा गया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर करीब 10 दिनों तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
16 अगस्त की रात मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चांटी दास अपने घर आया है। सूचना के आधार पर सरगुजा पुलिस और ओडिशा पुलिस की संयुक्त टीम उसके घर पहुंची। घर पर ताला लगा मिला। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी घर में नहीं मिला, लेकिन वहां से सीतापुर की घटना में चोरी किए गए आभूषण बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 43 लाख रुपये, तथा करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये है, बरामद किए हैं। बरामद कुल आभूषणों की कीमत करीब 46 लाख रुपये बताई गई है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार प्रकरण में आरोपी चांटी दास और नागेश्वर राव सहित अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस टीम मामले में फरार आरोपियों तक पहुंचने और शेष मशरूका बरामद करने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में साइबर सेल अंबिकापुर, थाना सीतापुर और थाना मणिपुर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं ओडिशा पुलिस के थाना सोर्डा और थाना आस्का की टीम ने भी आरोपियों की तलाश और कार्रवाई में सहयोग किया।






