संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिला संयुक्त कार्यालय स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल को कथित तौर पर 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता शिवराज सिंह ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करता है। आरोप है कि उसके 11 लाख 39 हजार रुपये के भुगतान के एवज में नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक द्वारा करीब 2 प्रतिशत कमीशन, यानी लगभग 22 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले का सत्यापन किया। सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। इसी कार्रवाई के दौरान 22 हजार रुपये की रिश्वत की रकम लेते हुए जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
बताया जा रहा है कि ट्रैप कार्रवाई के लिए रिश्वत की रकम के नोटों पर केमिकल लगाया गया था। ACB टीम द्वारा नोटों और आरोपी के हाथों की जांच के साथ ही मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है।

पूरी कार्रवाई ACB की 8 सदस्यीय टीम द्वारा की गई। टीम ने जिला संयुक्त कार्यालय स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यालय में पहुंचकर दस्तावेजों और लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की।
फिलहाल ACB की कार्रवाई जारी है। आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में ACB की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद कार्रवाई से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।