संजय गुप्ता/अंबिकापुर@ ग्रुप हेड क्वार्टर रायपुर के निर्देशन एवं 28 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी रायगढ़ के कमान अधिकारी कर्नल प्रवीण तेवतिया के मार्गदर्शन में राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल सिन्हा के संरक्षण तथा एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. पंकज कुमार अहिरवार के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैडेट्स द्वारा महाविद्यालय परिसर में करीब 100 फलदार, छायादार एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया गया।

इस दौरान मुख्य रूप से आम, जामुन, कटहल, अमरूद, नीम, शीशम, करंज, अशोक, कनेर और साल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। एनसीसी कैडेट्स ने पौधारोपण के साथ ही उनके संरक्षण एवं देखभाल के प्रति भी जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण, जनजागृति और समाज कल्याण का संदेश प्रसारित किया। कैडेट्स ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस पहल ने विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के साथ ही प्रकृति संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास का संदेश दिया।