संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिला प्रशासन बलरामपुर-रामानुजगंज और प्रिज्मा एआई के बीच आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर की स्थापना के लिए गैर-वित्तीय समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का उद्देश्य जिले के स्थानीय युवाओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कौशल और आजीविका के अवसरों से जोड़ना है।
MOU के तहत बलरामपुर में डेटा एनोटेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां चयनित प्रतिभागियों को AI साक्षरता, डिजिटल कौशल, डेटा लेबलिंग, इमेज एवं ऑब्जेक्ट टैगिंग, वर्गीकरण, सत्यापन और गुणवत्ता समीक्षा जैसे कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों को विशेषज्ञों की निगरानी में वास्तविक AI परियोजनाओं पर काम करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर तकनीकी कौशल विकसित करने के साथ रोजगार और आय के नए अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन के अनुसार, यह पहल जिले के युवाओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। केंद्र के संचालन एवं प्रशिक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं में प्रिज्मा एआई और जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।