
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले का शिक्षा विभाग एक बार फिर छात्र से मारपीट के गंभीर आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। विकासखंड राजपुर के प्राथमिक शाला बालक आश्रम जिगड़ी में कक्षा पांचवीं के एक पहाड़ी कोरवा छात्र के साथ प्रधान पाठक द्वारा बांस के डंडे से बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर प्रधान पाठक बिपता राम रवि कथित तौर पर छात्र से नाराज हो गए। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने छात्र की बांस के डंडे से जमकर पिटाई कर दी। घटना के दौरान छात्र का बड़ा भाई भी मौके पर मौजूद बताया जा रहा है।
पिटाई के बाद छात्र किसी तरह स्कूल से निकलकर उस घर पहुंचा, जहां से वह रोजाना स्कूल आना-जाना करता है। वहां मौजूद लोगों को छात्र ने अपने साथ हुई मारपीट की पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चे का उपचार कराया। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है।

सर्व आदिवासी समाज ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष बसंत कुजूर ने छात्र से मुलाकात की और स्कूल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से भी चर्चा की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई : जिला शिक्षा अधिकारी
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी एमआर यादव ने कहा कि घटना संज्ञान में आई है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले में शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। एक मासूम छात्र के साथ कथित मारपीट की इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों के व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद शिक्षा विभाग आरोपी प्रधान पाठक के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।




