डेक्स _बलरामपुर@ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पति-पत्नी के बीच हुआ घरेलू विवाद खूनी वारदात में बदल गया। शराब के नशे में खाना नहीं बनाने की बात पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि पति ने पत्नी को तीन-चार थप्पड़ मार दिए, जिससे गुस्साई पत्नी ने घर में रखे लोहे के बाट से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले के बाद पति लकड़ी की चौकी से टकराकर जमीन पर गिर पड़ा। रात में दोनों सो गए, लेकिन सुबह पति की मौत हो चुकी थी। मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पूरा मामला बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर को मृतक प्रभात कुम्हरिया अपनी पत्नी राजपति कुम्हरिया के साथ गांव में धान कटाई की मजदूरी करने गया था। शाम को काम से लौटने के बाद दोनों ने शराब पी। बताया जा रहा है कि अधिक नशे में होने के कारण पत्नी ने खाना नहीं बनाया। इसके बाद पति ने खुद खाना तैयार किया और पत्नी को खाने के लिए बुलाने पहुंचा। इसी दौरान खाना नहीं बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने पत्नी के गाल पर तीन-चार थप्पड़ मार दिए। इससे नाराज पत्नी ने घर में रखे लोहे के बाट से पति के माथे पर वार कर दिया और उसे धक्का दे दिया। इससे वह लकड़ी की चौकी से टकराकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद पत्नी दूसरे कमरे में जाकर सो गई, जबकि कुछ देर बाद पति भी उसके पास आकर सो गया। सुबह करीब चार बजे पत्नी ने पति को उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठा। इसके बाद पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रार्थी रामदेव कुम्हरिया की रिपोर्ट पर आरोपी पत्नी राजपति कुम्हरिया के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और जब्ती से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे रामानुजगंज स्थित जेएमएफसी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।