126 करोड़ के 171 कार्यों का लोकार्पण, 30.99 करोड़ के 20 कार्यों का भूमिपूजन; पेयजल, सड़क, पुल, कृषि और शिक्षा को मिलेगी नई मजबूती।
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले के विकास को नई गति देते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने 157 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत के 191 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। खेल मैदान आरागाही-ताम्बेश्वरनगर में आयोजित समारोह की अध्यक्षता कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने की। कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इन विकास कार्यों से जिले में पेयजल, आवागमन, कृषि, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा।
समारोह में 126 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत के 171 विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया, जबकि 30 करोड़ 99 लाख रुपये के 20 नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना और विकास कार्यों को गति देना है।

35 जल प्रदाय योजनाओं से घरों तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल
जिले को मिली प्रमुख सौगातों में पेयजल योजनाएं शामिल हैं। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 66 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से तैयार 35 जल प्रदाय योजनाओं का लोकार्पण किया गया। ये योजनाएं जिले के सभी छह विकासखंडों के गांवों में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इससे हजारों परिवारों को घर पर शुद्ध पेयजल मिलने की उम्मीद है। साथ ही महिलाओं को दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
चार पुलों का लोकार्पण, चार नए पुलों का भूमिपूजन
आवागमन को सुगम बनाने के लिए 24 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से निर्मित चार उच्चस्तरीय पुलों का लोकार्पण किया गया। इनमें डीपाडीहकला-करमी उरांवटोली मार्ग पर गलफुल्ला नदी में बना 12 करोड़ 3 लाख रुपये का पुल प्रमुख है। इसके अलावा देवरी-मदगुरी, सुंदरपुर-चौराखाड़ और अंबिकापुर-धनवार-वाराणसी मार्ग पर बने पुल भी जनता को समर्पित किए गए।
इन पुलों के निर्माण से बरसात के दौरान नदी-नालों के कारण प्रभावित होने वाले गांवों का संपर्क बेहतर होगा। वहीं, 18 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से इरिया, मोरन, सिंदूर और बांकी नदियों पर चार अन्य उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण की आधारशिला रखी गई। इनके बनने से ग्रामीणों को जिला मुख्यालय, अस्पताल, स्कूल और बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
कृषि विपणन बोर्ड के 33 करोड़ 1 लाख रुपये की लागत के 130 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें महावीरगंज में 5,400 मीट्रिक टन क्षमता का गोदाम भी शामिल है। इससे किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने के लिए बेहतर भंडारण सुविधा उपलब्ध होगी।
इसके अलावा महावीरगंज, कनकपुर, मानिकपुर, चम्पापुर, तातापानी, भैरोपुर चमनपुर और करचलगली में नीलामी चबूतरे, सीसी सड़क तथा शौचालय सुविधाओं से युक्त हाट बाजार विकसित किए गए हैं। बलरामपुर और रामचन्द्रपुर विकासखंड में 100 से अधिक स्थानों पर सीसी सड़कें और पुलिया भी बनाई गई हैं। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों को अपनी उपज के विपणन में सुविधा होगी।
शिक्षा और नगरीय सुविधाओं का भी विस्तार
शिक्षा एवं शहरी विकास के क्षेत्र में अमरावतीपुर में हाईस्कूल भवन और नगर पालिका बलरामपुर में 23 व्यावसायिक दुकानों का लोकार्पण किया गया। वहीं, राजपुर में 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन तथा 4 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से चार किलोमीटर सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया गया।
बलरामपुर नगर में 4 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाएगा। इन परियोजनाओं से नगर की स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और व्यवस्थित शहरी विकास को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जिले में एक साथ 191 विकास कार्यों की सौगात से बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी। पेयजल योजनाओं, पुलों, सड़कों, कृषि अधोसंरचना और शैक्षणिक भवनों से जुड़े ये कार्य जिले के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।