संजय गुप्ता/रामानुजगंज@ जिले के रामानुजगंज क्षेत्र के विजयनगर हाई स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने स्कूल परिसर में बच्चों पर हमला कर दिया। घटना में करीब 9 से 10 छात्र-छात्राओं सहित एक शिक्षक के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मधुमक्खियों के हमले के बाद स्कूल परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि स्कूल में बच्चे ड्राइंग बना रहे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से कई बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रभावित बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजगंज लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी सक्रिय हुए। जिला अस्पताल में रेफर किए गए बच्चों का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने भी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।