संजय गुप्ता/बलरामपुर@ रामानुजगंज विधानसभा के पूर्व विधायक और कांग्रेस से निष्कासित बृहस्पति सिंह का जन्मदिन बुधवार को बलरामपुर में समर्थकों ने धूमधाम से मनाया। इस दौरान समर्थकों ने आतिशबाजी की और बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दीं। हालांकि इसी बहाने पूर्व विधायक ने जिला मुख्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कर दी है।
बलरामपुर पहुंचने के बाद बृहस्पति सिंह ने सबसे पहले चांदो चौक स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे दुर्गा मंदिर पहुंचे, जहां माथा टेकने के बाद समर्थकों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया।

इस मौके पर मीडिया से चर्चा करते हुए बृहस्पति सिंह ने कांग्रेस से अपने निष्कासन को लेकर कहा कि वह ऐसे पहले नेता नहीं हैं जिन्हें पार्टी से बाहर किया गया हो। उन्होंने इंदिरा गांधी, ममता बनर्जी और नारायण दत्त तिवारी का उदाहरण देते हुए कहा कि राजनीतिक दलों से अलग होने या निष्कासन के बाद भी कई नेताओं ने दोबारा अपनी राजनीतिक भूमिका स्थापित की है।
पूर्व कांग्रेस विधायक तथा पार्टी से निष्कासित बृहस्पति सिंह ने कहा कि पार्टी से निष्कासन को वे बड़ी बात नहीं मानते। कांग्रेस नेतृत्व को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी को आत्ममंथन कर संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए। उनके कुछ बयानों में कांग्रेस के मौजूदा नेतृत्व को लेकर तंज भी दिखाई दिया।

बृहस्पति सिंह की कांग्रेस में वापसी को लेकर हाल के दिनों में चर्चा बनी हुई है। सितंबर 2026 में कांग्रेस की अनुशासन समिति में उनके आवेदन पर विचार हुआ था, हालांकि उस समय कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया था।
जन्मदिन के इस आयोजन को बृहस्पति सिंह की स्थानीय स्तर पर सक्रियता और समर्थकों के बीच मौजूदगी के रूप में भी देखा जा रहा है।