मनबासा। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड स्थित शासकीय हाई स्कूल मनबासा में परीक्षा समाप्त होने के बाद अचानक आठ छात्राओं के बेहोश हो जाने से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों और ग्रामीणों की मदद से सभी छात्राओं को तत्काल सिविल अस्पताल वाड्रफनगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका उपचार किया।
**प्राथमिक उपचार के बाद छात्राओं की स्थिति सामान्य बताई गई।** हालांकि, छात्राओं के अचानक बेहोश होने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा है।
## सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग पहुंचा
घटना की जानकारी मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर जायसवाल अस्पताल पहुंचे और छात्राओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि छात्राएं डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा देने के बाद छात्र-छात्राएं कक्षा से बाहर निकल रहे थे, तभी आठ छात्राएं अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
## स्वास्थ्य जांच जारी, कारण स्पष्ट नहीं
घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भी अस्पताल पहुंचे और छात्राओं का हालचाल जाना। उन्होंने आशंका जताई कि एनीमिया या खून की कमी इसकी वजह हो सकती है, लेकिन **इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।** छात्राओं के बेहोश होने का वास्तविक कारण चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
*रिपोर्ट: संजय गुप्ता, वाड्रफनगर*
*नोट: साथ में लगाई गई तस्वीर सांकेतिक है, घटना स्थल की वास्तविक तस्वीर नहीं है।*