लंबे समय से की जा रही थी सड़क उन्नयन की मांग, विधायक शकुन्तला सिंह पोर्ते की मौजूदगी में हुआ भूमिपूजन।
संजय गुप्ता/चलगली (वाड्रफनगर)@ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में परसवार-चलगली मार्ग के उन्नयन कार्य का भूमिपूजन किया गया। लोक निर्माण विभाग, संभाग रामानुजगंज के अंतर्गत होने वाले इस कार्य से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। सड़क के उन्नयन से ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही विकास कार्यों को भी गति मिलने की संभावना है।

ग्राम पंचायत चलगली, मंडल पूर्वी वाड्रफनगर में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक श्रीमती शकुन्तला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार द्विवेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्रीमती शकुन्तला सिंह पोर्ते ने कहा कि परसवार-चलगली मार्ग के उन्नयन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। क्षेत्रवासियों की आवश्यकता को देखते हुए इस मार्ग के उन्नयन कार्य का भूमिपूजन किया गया है। सड़क का निर्माण एवं उन्नयन कार्य पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। सड़क संपर्क बेहतर होने से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलती है।
परसवार-चलगली मार्ग का उन्नयन क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। अब क्षेत्रवासियों को कार्य पूर्ण होने का इंतजार है, ताकि उन्हें बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिल सके।