
संजय गुप्ता/राजपुर@ विकासखंड राजपुर के जनपद सभागृह में सोमवार को विकासखंड स्तरीय शिक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने की। बैठक में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का विकासखंड स्तरीय मुख्य समारोह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोपालपुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की गई।

वहीं, सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को मिलने वाली साइकिलों के वितरण में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। समिति ने कहा कि पात्र छात्राओं को योजना का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनकी शिक्षा में आवागमन संबंधी परेशानी कम हो सके।
बैठक में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का भी निर्णय लिया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकासखंड स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों तथा संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री नामदेव सहित विकासखंड के सभी हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे। समिति की बैठक में शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का समय पर लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।




